रांची: राजधानी रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक 20 वर्षीय विचाराधीन बंदी के साथ तीन अलग-अलग मौकों पर सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित के पिता की शिकायत के मुताबिक, जेल में बंद कैदियों के एक गिरोह ने युवक को नशीला पदार्थ पिलाकर वारदात को अंजाम दिया।

बताया गया है कि जेल से रिहा होने के बाद युवक लंबे समय तक मानसिक सदमे में रहा। बाद में उसने अपने परिजनों को जेल के भीतर हुई घटनाओं की जानकारी दी। इसके बाद पीड़ित के पिता ने खेलगांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। 12 नवंबर को शाम 6:05 बजे दर्ज प्राथमिकी में जेल के 16 कैदियों के अलावा जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के मेडिकल अफसर समेत कुल 19 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

त्योहारों के दौरान तीन बार वारदात को अंजाम देने का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, पीड़ित युवक एक मामले में विचाराधीन बंदी के तौर पर होटवार जेल में बंद था। रांची की अदालत ने उसे 12 जून 2026 को बरी कर दिया था। शिकायतकर्ता पिता का आरोप है कि 31 जनवरी 2026 से 12 जून 2026 के बीच उनके बेटे के साथ जेल के अंदर तीन अलग-अलग मौकों पर सामूहिक यौनाचार किया गया।
पहली घटना एक त्योहार की रात की बताई गई है। आरोप है कि कैदियों के गिरोह ने युवक को जबरन साड़ी पहनाई और उसका शृंगार किया। इसके बाद उसे नशीला तरल पदार्थ पिलाकर बेहोशी की हालत में वार्ड संख्या 3-ए में ले जाया गया। वहां उसके साथ सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किए जाने का आरोप है।
दूसरी घटना भी एक त्योहार के दौरान हुई। शिकायत के मुताबिक, उसी गिरोह ने युवक को जबरन नशीला पदार्थ खिलाया और तीन नंबर ग्राउंड हॉल में वारदात को अंजाम दिया। तीसरी घटना भी त्योहार के दिन वार्ड संख्या पांच में होने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत करने पर वार्ड इंचार्ज ने फाड़ दिया आवेदन
पीड़ित के पिता ने जेल प्रशासन की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि युवक ने जब जेल के भीतर हुई घटनाओं की लिखित शिकायत वार्ड इंचार्ज से की, तो उसके साथ गाली-गलौज की गई। इतना ही नहीं, शिकायत वाला आवेदन भी फाड़ दिया गया।
पिता के मुताबिक, अत्यधिक रक्तस्राव होने पर उनका बेटा इलाज के लिए जेल अस्पताल पहुंचा था। आरोप है कि वहां मेडिकल अफसर ने भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया और बिना इलाज किए ही उसे वापस भेज दिया।
रिहाई के समय मेडिकल जांच नहीं कराने का आरोप
शिकायतकर्ता पिता का आरोप है कि 12 जून 2026 को जेल से रिहाई के समय भी प्रशासन ने युवक की अनिवार्य मेडिकल जांच नहीं कराई। जेल से बाहर आने के बाद वह लंबे समय तक गहरे मानसिक सदमे में रहा। काफी समय बीतने के बाद उसने अपने परिजनों को जेल के भीतर हुई घटनाओं के बारे में बताया। इसके बाद पिता ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
जेल अधीक्षक समेत 19 लोगों को बनाया गया आरोपी
इस मामले में वार्ड संख्या 14 और 15 में बंद कैदियों के अलावा जेल के तीन अधिकारियों को भी नामजद किया गया है। प्राथमिकी में साक्ष्य छिपाने और साजिश रचने से जुड़े आरोप भी लगाए गए हैं।
मामला दर्ज होने के बाद खेलगांव थाना के सब-इंस्पेक्टर कुमार शिवम को जांच अधिकारी (आईओ) नियुक्त किया गया है। पुलिस अब मामले की जांच करेगी।
मामले में ये बनाए गए हैं आरोपी
प्राथमिकी में वार्ड संख्या 14 और 15 में बंद कैदियों पिट्टू, अरविंद गुप्ता, साहिल अंसारी, साहिल साह, रबिसर लोहरा, कैंटीन ब्वॉय पवन, मंटू, धनेश्वर बढ़ई, कातिल शिव उरांव, बल्लू, रेहान गोलू, गोलू साव, पोगो, संतोष उरांव और सिपाही सिंह को आरोपी बनाया गया है।
इनके अलावा वार्ड इंचार्ज, जेल अधीक्षक और जेल अस्पताल के मेडिकल अफसर को भी नामजद किया गया है।


