रांची : रांची विश्वविद्यालय के मास कम्युनिकेशन विभाग में शनिवार को राष्ट्रीय पत्रकारिता संगोष्ठी का भव्य आगाज हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रभक्ति और गरिमामय माहौल के बीच हुई।

सबसे पहले उपस्थित अतिथियों और गणमान्य लोगों ने वंदे मातरम् और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन किया। इसके बाद रांची विश्वविद्यालय के कुलगीत की प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार एवं पद्मश्री बलवीर दत्त मौजूद रहे। वहीं रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सरोज शर्मा और प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभूनाथ चौधरी सहित कई गणमान्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इसके बाद अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर राष्ट्रीय पत्रकारिता संगोष्ठी का विधिवत शुभारंभ किया।
इस संगोष्ठी में पत्रकारिता की विश्वसनीयता, बदलती तकनीक और मीडिया के भविष्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। देशभर से जुटे पत्रकार, मीडिया विशेषज्ञ और शिक्षाविद इन विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे।
यह संगोष्ठी वर्तमान दौर में पत्रकारिता की चुनौतियों, जिम्मेदारियों और भविष्य की दिशा को समझने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगी।


