सीटू के तीन दिवसीय ऐतिहासिक मजदूर जुटान में खलारी कोयलांचल से दिल्ली गए लोग

सीटू के तीन दिवसीय दिल्ली प्रदर्शन में खलारी एनके कोयलांचल से करीब 50 सदस्य रवाना, न्यूनतम मजदूरी, 12वें वेतन समझौते और एचईसी समेत कई मांगों पर होगी संसद मार्च।

Razi Ahmad
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

खलारी : एनसीओईए (सीटू) के एन के कोयलांचल से शैलेश कुमार, सुरेश साव, किशुन महतो, किशुन राम, सुरेश प्रसाद साव, गणेश जी, जलील अंसारी, सहित करीब 50 सदस्य बिभिन्न ट्रेनों से मजदूरों के अधिकारों, सम्मानजनक रोजगार, न्यूनतम मजदूरी एवं सामाजिक सुरक्षा सहित नौ सूत्री मांगों को लेकर एक दिसंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित ऐतिहासिक मजदूर संसद मार्च एवं तीन दिवसीय प्रदर्शन में शामिल हो रहे है।

इसी क्रम मे रविवार की रात एक टीम लातेहार स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना हुआ। देशभर से एक लाख से अधिक मजदूरों की भागीदारी के लक्ष्य वाले इस कार्यक्रम में झारखंड से लगभग 3,000 सीटू सदस्य शामिल होंगे।

1 दिसंबर को रामलीला मैदान से संसद की ओर मार्च तथा एक से तीन दिसंबर तक दिल्ली में प्रदर्शन के जरिए देशभर के मजदूर केंद्र सरकार की मजदूर-विरोधी एवं जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे तथा मजदूर वर्ग की एकता और अधिकारों के लिए और भी व्यापक एवं तीव्र संघर्ष का संकल्प लेंगे।

इस ऐतिहासिक मजदूर जुटान में सीटू चारों मजदूर-विरोधी श्रम संहिताओं की वापसी, ट्रेड यूनियन एवं लोकतांत्रिक संघर्ष के अधिकारों की बहाली, असंगठित क्षेत्र के मजदूरों एवं स्कीम वर्करो के लिए 42,000 रुपये मासिक न्यूनतम वेतन एवं 21,000 रुपये न्यूनतम पेंशन, योजना कर्मियों को श्रमिक का कानूनी दर्जा एवं सामाजिक सुरक्षा, भारतीय श्रम सम्मेलनों की सिफारिशों का क्रियान्वयन, सरकारी एवं सार्वजनिक उपक्रमों में रिक्त पदों पर नियुक्ति,कोयला उद्योग मे 12 वा वेतन समझौता अविलम्ब लागु करवाने, ठेका श्रमिकों का नियमितीकरण एवं समान काम के लिए समान वेतन की मांग उठाएगा।

इसके साथ ही जल-जंगल-जमीन एवं प्राकृतिक संसाधनों पर मजदूरों, किसानों एवं आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा, जबरन विस्थापन पर रोक, एसआईआर की वापसी एवं मतदान के अधिकार की सुरक्षा, एमएमडीआर संशोधन अधिनियम, 2026 के संघीय व्यवस्था-विरोधी प्रावधानों की वापसी, वीबी-ग्राम जी अधिनियम, 2025 को रद्द कर मनरेगा की बहाली की मांग करेगा।

एचईसी, रांची का पुनरुद्धार, पर्याप्त वित्तीय सहायता एवं कार्यशील पूंजी, कर्मचारियों के बकाया वेतन का भुगतान, पर्याप्त कार्यादेश एवं उत्पादन सुनिश्चित करना तथा निजीकरण और बंदी से उसकी रक्षा करना भी प्रमुख मांगों में शामिल है।

दिल्ली में आयोजित संसद मार्च एवं तीन दिवसीय मजदूर प्रदर्शन के समर्थन में एक दिसंबर 2026 को एक व्यापक एकजुटता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें सीटू सदस्यों के साथ-साथ बिरादराना ट्रेड यूनियनों, किसान एवं अन्य जनसंगठनों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों तथा शहर के लोकतांत्रिक एवं प्रगतिशील नागरिकों की भागीदारी रहेगी।

सीटू यूनियन का मानना है कि मजदूरों का संघर्ष केवल वेतन और रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आजीविका, सामाजिक सुरक्षा, संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकारों तथा सामाजिक न्याय की रक्षा का व्यापक संघर्ष है, जिसे तमाम मेहनतकश, जनवादी एवं प्रगतिशील ताकतों की साझा एकजुटता से ही मजबूत किया जा सकता है।

सीटू की सभी कमिटी सभी मजदूरों, कर्मचारियों, जनवादी एवं प्रगतिशील संगठनों तथा नागरिकों से इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होकर दिल्ली में जारी ऐतिहासिक मजदूर संघर्ष के प्रति अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने की अपील करती है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।