खूंटी में भव्य रूप से कांग्रेस मनायेगी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

खूंटी: जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और प्रखंड अध्यक्षों की बैठक शुक्रवार को खूंटी परिसदन में आयोजित की गयी।

बैठक में झारखंड प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष और खूंटी लोकसभा के प्रभारी विधायक बंधु तिर्की और पूर्व विधायक कालीचरण मुंडा उपस्थित थे। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामकृष्ण चौधरी ने की।

बैठक में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती, जन जागरण अभियान और सदस्यता अभियान को लेकर चर्चा की गयी और बिरसा जयंती धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया।

इस अवसर पर विधायक बंधु तिर्की ने तीनों विषय पर विस्तार पूर्वक जानकारी दी और कहा कि खूंटी जिले में पूर्व की भांति कांग्रेस का परचम लहराने की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की और श्रीमती गीता कोड़ा के अलावा प्रदेश नेताओं के खूंटी पहंचने पर पार्टी कार्यकर्ता उनका जोरदार स्वागत करेंगे।

कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह दस बजे नेताजी चौक पर पार्टी नेताओं का स्वागत करेंगे। नेताजी चौक पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद खूंटी प्रखंड कांग्रेस कमेटी द्वारा ग्राम डुमरदगा में जन जागरण कार्यक्रम का उद्घाटन नेताओं द्वारा किया जाएगा।

कार्यक्रम की समाप्ति के बाद प्रदेश नेता भगवान बिरसा के जन्मस्थली उलिहातू जायेंगे। वहां श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कांग्रेस जनों को नेता संबोधित करेंगे और सरायकेला खरसावां के लिए रवाना होंगे। यह जानकारी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मीडिया प्रभारी ओम प्रकाश मिश्र ने दी।

Share This Article