
बोकारो: जिले के चास स्थित केएम मेमोरियल अस्पताल में एक नवजात शिशु के इलाज के दौरान निधन का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल को चास निवासी मिराज अंसारी ने अपनी पत्नी को डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां सिजेरियन के माध्यम से बच्चे का जन्म हुआ। प्रारंभिक समय में शिशु की स्थिति सामान्य बताई जा रही थी।
बताया गया कि 6 अप्रैल यानी सोमवार को बच्चे की तबीयत में कुछ बदलाव देखने पर डॉक्टर की सलाह बच्चे को इंजेक्शन दिया गया , जिससे स्थिति में सुधार हुआ। हालांकि, मंगलवार सुबह करीब 7 बजे पुनः स्वास्थ्य बिगड़ने पर डॉक्टरों को बुलाया गया, जिसके बाद नर्स ने बच्चे को इंजेक्शन लगाया लेकिन इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गया।
इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में अपनी नाराजगी व्यक्त की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले पर शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ इमरान असगर ने कहा कि बच्चे की मौत मां के दूध पीने के दौरान सरकने से हुई होगी, जो पोस्टमारटम रिपोर्ट के बाद ही सामने आयेगी। वहीं सिविल सर्जन भूषण प्रसाद का कहना है कि मां का दूध बच्चे के लिए अमृत जैसा होता है। सरकने से मौत होने पर बच्चे का चेहरा नीला पड़ जाता है।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

