गढ़वा रोड जंक्शन की बदहाल व्यवस्था से यात्री परेशान, गंदगी और दुर्गंध ने बढ़ाई मुश्किलें

गढ़वा रोड जंक्शन पर गंदगी, दुर्गंध और सफाईकर्मियों की कमी से यात्री परेशान हैं। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से व्यवस्था सुधारने, शौचालयों की नियमित सफाई और कार्रवाई की मांग की।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Garhwa Road Junction : गढ़वा रोड जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सफाई व्यवस्था की बदहाली यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। सीआईसी सेक्शन के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल यह जंक्शन प्रतिदिन हजारों यात्रियों की आवाजाही का केंद्र है, लेकिन स्टेशन परिसर और प्लेटफार्मों पर फैली गंदगी यात्रियों को असुविधा झेलने पर मजबूर कर रही है।

यात्रियों का कहना है कि स्टेशन के वॉश रूम और आसपास के क्षेत्रों से लगातार दुर्गंध आती रहती है। हालत यह है कि लोगों को शौचालय तक जाने के लिए नाक पर रूमाल रखना पड़ रहा है। वहीं प्लेटफार्मों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी भी यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

गढ़वा रोड जंक्शन पर एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का नियमित ठहराव होता है, जिससे यहां चौबीसों घंटे यात्रियों की भीड़ बनी रहती है। इसके अलावा क्षेत्र के प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठानों से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों का भी इस स्टेशन पर लगातार आना-जाना लगा रहता है। इसके बावजूद स्टेशन की साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति संतोषजनक नहीं है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन पर सफाईकर्मियों की भारी कमी है। हेल्थ इंस्पेक्टर एस. अंसारी ने बताया कि जहां स्टेशन के लिए छह सफाईकर्मियों की आवश्यकता है, वहीं वर्तमान में केवल एक कर्मी ही तैनात है। कर्मचारियों की कमी के कारण नियमित सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

दूसरी ओर, स्थानीय लोगों और यात्रियों का आरोप है कि सफाई कार्य से जुड़े ठेकेदार द्वारा पर्याप्त संख्या में मजदूर नहीं लगाए जा रहे हैं, जिससे स्टेशन की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

यात्रियों का कहना है कि स्टेशन की महत्ता को देखते हुए यहां सफाई व्यवस्था, शौचालयों की नियमित देखरेख और प्लेटफार्मों पर आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।