हजारीबाग में टीपीसी का सक्रिय सदस्य गिरफ्तार, दो देसी कार्बाइन बरामद

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

HAZARIBAGH/हजारीबाग : हजारीबाग पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीपीसी के सक्रिय सदस्य सुनील मंडल उर्फ धनेश्वर प्रसाद उर्फ कल्टू उर्फ करण को गिरफ्तार कर लिया है।

उसे बरकट्ठा थाना अंतर्गत सलैया गांव से गिरफ्तार किया गया। बताया गया है कि वह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में था।

बरकट्ठा एवं गोरहर थाना की संयुक्त छापामारी टीम ने सुनील मंडल उर्फ धनेश्वर प्रसाद को उस समय पकड़ लिया, जब पुलिस को देखकर वह भागने लगा।

उसके पास मौजूद बैग से एक देसी लोडेड कार्बाइन बरामद किया गया। साथ ही 4 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर एक दूसरा देसी कार्बाइन बरकट्ठा थाना क्षेत्र के डूमरडीहा जंगल से भी बरामद किया गया है। एक सेट चितकबरा ड्रेस भी पुलिस ने बरामद किया है।

प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीपीसी के इस सक्रिय सदस्य की गिरफ्तारी की जानकारी सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्तिक एस ने पत्रकार वार्ता में दी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 26 फरवरी को इचाक थाना क्षेत्र के खैरा जंगल में टीपीसी के साथ पुलिस की मुठभेड़ में टीपीसी का अरुण मंडल घायल अवस्था में पकड़ा गया था।

उसी मुठभेड़ में सुनील मंडल भी शामिल था, किंतु तब वह वहां से बच निकला था। रविवार को सुनील मंडल को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आर्म्स एक्ट के अंतर्गत सुनील मंडल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बरही डीएसपी नाजीर अख्तर के निर्देश पर गोरहर एवं बरकट्ठा थाना की पुलिस ने छापामारी अभियान चलाया।

यह भी बताया गया कि अरुण मंडल एवं सुनील मंडल दोनों क्षेत्र में सक्रिय व्यवसायियों व ठेकेदारो से रंगदारी की वसूली का काम करते थे।

गिरफ्तार सुनील मंडल के खिलाफ गोरहर एवं गिरिडीह के बगोदर थाना में लूट का मामला दर्ज है।

Share This Article