NH-18 पर सड़क हादसे में एक युवक की मौत

News Aroma
3 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur News: जमशेदपुर जिला स्थित धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-18 पर सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

शनिवार देर रात धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र स्थित एनएच-18 पर बने रेलवे ओवर ब्रिज पर एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 24 वर्षीय गोबरा मुर्मू की मौत हो गई, जबकि उसके भाई रंजीत मुर्मू और एक अन्य साथी सुरेन गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक गोबरा घाटशिला अनुमंडल के चंदनपुर पंचायत के पिताझुड़ी गांव का निवासी था।

तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी

जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर देवशोल गांव में अपने परिचित के घर जा रहे थे। इसी दौरान ओवर ब्रिज पर किसी तेज रफ्तार कार ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक हादसे के बाद वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

स्थानीय राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को एंबुलेंस की सहायता से घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां गोबरा की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे MGM अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, रास्ते में ही गोबरा ने दम तोड़ दिया। वहीं रंजीत और सुरेन का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

गोबरा मुर्मू पेशे से ठेका मजदूर था और विवाहित था। उसकी एक छोटी संतान भी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां मातम का माहौल था। मृतक की पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

धालभूमगढ़ थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामला दर्ज कर लिया गया है। अज्ञात वाहन चालक की पहचान के लिए आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Share This Article