जमशेदपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से दो छात्रों की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को बांधकर किया सड़क जाम

जमशेदपुर के सुंदरनगर में ट्रक की टक्कर से दो स्कूली छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर बांध दिया और सड़क जाम कर दिया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Tragic Road Accident in Jamshedpur : जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो नाबालिग छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़कर बांध दिया और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।

जानकारी के अनुसार सुंदरनगर थाना क्षेत्र के कुदादा स्थित पोटका मोड़ के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो किशोरों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि केड़ो गांव निवासी दुर्गा हेम्ब्रम (15) और मार्शल सोरेन (14) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों सिदो-कान्हू स्कूल, केड़ो के छात्र थे और आपस में गहरे दोस्त बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि शनिवार को स्कूल में परीक्षा देने के बाद दोनों दुर्गा के मामा की स्पलेंडर बाइक से कालियाबेड़ा बाजार कपड़े खरीदने गए थे। बाजार से लौटते समय पोटका मोड़ के पास एफसीआई का अनाज अनलोड कर लौट रहे ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ की और चालक को पकड़कर ट्रक के सामने रस्सी से बांध दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे।

सूचना मिलने पर सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग देर रात तक शव उठाने को तैयार नहीं हुए। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया है। दुर्गा आठवीं और मार्शल छठी कक्षा के मेधावी छात्र बताए जा रहे हैं।

रात भर इलाके में तनाव का माहौल बना रहा और सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। रविवार सुबह पुलिस ने दोबारा ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।