झारखंड में यहां पोस्टेड CISF जवान की पत्नी को घर में घुसकर गोलियों से भून डाला, मां की हत्या की चश्मदीद गवाह थी मृतका

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद: मां की हत्या की चश्मदीद गवाह व धनबाद में पोस्टेड सीआईएसएफ जवान की पत्नी को घर में घुसकर गोलियों से भून डालने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।

अपराधियों ने बाथरूम जा रही महिला के सिर में तीन गोलियां मारीं, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। अपराधियों ने दुस्साहस भरे इस कांड को मुंगेर के कासिम बाजार थाना अंतर्गत चूआबाग आमगाछी टोला में सोमवार की सुबह 5ः45 बजे अंजाम दिया।

मृतका की पहचान सीआईएसएफ जवान रवि शर्मा की पत्नी 26 वर्षीया दीपिका शर्मा के रूप में हुई है। घटनास्थल से पुलिस ने 5 खोखे, दो मिस फायर हुए कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। जांच की जा रही है। जल्द ही सभी हत्यारोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

घटना के वक्त घर में मौजूद थे परिजन

गोली चलने की आवाज पर मृतका के देवर छोटू शर्मा ने खिड़की खोलकर देखा तो आंगन में बाथरूम के समीप दीपिका खून से लथपथ पड़ी थी और घर का दरवाजा बाहर से बंद था।

शोर मचाने पर पड़ोसियों ने दरवाजा खोला, जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

घटना के वक्त घर में रवि की मां गायत्री देवी, पांच साल की बेटी शांभवी और फुफेरा भाई सुल्तानगंज निवासी सुमित शर्मा भी मौजूद थे।

मृतका का भाई बोला-जीजा का दूसरी लड़की से चल रहा था अफेयर

मृतका दीपिका के भानू ने बताया कि बहनोई रवि शर्मा का किसी दूसरी लड़की से अफेयर चल रहा था। रवि उस लड़की से शादी करना चाहता था, लेकिन दीपिका इसके खिलाफ थी।

इसी कारण दीपिका को ससुराल में सभी लोग मिलकर हमेशा टाॅर्चर करते रहते थे। इधर, ससुरालवाले इस मामले में कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। मुंगेर के कासिम बाजार थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि शाम तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पाई थी।

ससुरालवालों पर हत्या का आरोप

पड़ोसियों से सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे दीपिका के भाई भानू निवासी हवेली खड़गपुर लोहची ने बताया कि 5 जनवरी 2017 को संपत्ति विवाद में गोतिया मुनेश्वर शर्मा और कुंदन शर्मा ने मां निवेदिका भारती और बहन दीपिका को गोली मार दी थी।

बहन ठीक हो गई, जबकि मां की मौत हो गई। मां की हत्या का केस कोर्ट में चल रहा है, जिसमें दीपिका चश्मदीद गवाह थी। अब तक तीन लोगों की गवाही हो चुकी है। दीपिका की गवाही भी जल्द होने वाली थी।

मां के हत्यारे के रिश्तेदार दीपिका पर गवाही नहीं देने का दबाव बनाते थे। ससुरालवालों ने ही हत्यारोपियों से मिलकर उनकी बहन की हत्या कराई है।

Share This Article