
International Yoga Day : 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को रांची रेल मंडल के विभिन्न कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों और स्टेशनों में व्यापक स्तर पर योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग था।
हटिया रेलवे कॉलोनी स्थित रेल क्लब हटिया, मूरी, बानो, लोहरदगा सहित मंडल के विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने सामूहिक योगाभ्यास कर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया।
मंडल रेल प्रबंधक रांची करुणा निधि सिंह ने रेल क्लब हटिया में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया और सभी को नियमित रूप से योग अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग केवल एक शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक संतुलन बना रहता है। यह जीवन के प्रत्येक चरण में बेहतर स्वास्थ्य एवं ऊर्जा प्रदान करने में सहायक होता है।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा कोलकाता में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में किए गए योगाभ्यास का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक देखा। मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों, रेल सुरक्षा बल की चौकियों, कोचिंग डिपो तथा अन्य कार्यालयों में भी कर्मचारियों द्वारा योगाभ्यास कर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया तथा स्वस्थ जीवन के लिए योग के महत्व को रेखांकित किया गया।
दक्षिण पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन (सर्वो) रांची की उपाध्यक्ष अजीता रानी, अपर मंडल रेल प्रबंधक हेमराज मीना, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजू तिर्की, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता राजीव रंजन, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार सहित अन्य शाखा अधिकारी, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

