राजधानी रांची में होमगार्ड भर्ती परिणाम जारी करने की मांग को लेकर JLKM का प्रदर्शन, अभ्यर्थियों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

रांची में होमगार्ड भर्ती परीक्षा परिणाम जारी करने की मांग को लेकर JLKM और अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ नारेबाजी, जल्द रिजल्ट और नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की चेतावनी दी गई।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : राजधानी में होमगार्ड भर्ती परीक्षा का परिणाम जल्द जारी करने की मांग को लेकर आज JLKM द्वारा जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने सरकार एवं प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के तहत मोराबादी मैदान स्थित महात्मा गांधी वाटिका से पदयात्रा निकाली गई, जो कचहरी चौक और रेडियम रोड होते हुए समाहरणालय परिसर तक पहुंची। मार्च में शामिल अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने और जल्द से जल्द परिणाम घोषित करने की मांग उठाई।

धरना-प्रदर्शन के दौरान JLKM नेता देवेंद्र नाथ महतो ने राज्य सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पहले राज्य में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामले सामने आते थे, लेकिन अब होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में भी भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। इससे युवाओं का सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं से भरोसा उठता जा रहा है।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अब तक रांची जिले का परिणाम जारी नहीं किया गया है, जिससे हजारों युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है। अभ्यर्थियों ने बताया कि राज्य के कई जिलों में होमगार्ड भर्ती का रिजल्ट प्रकाशित हो चुका है, लेकिन रांची में अब तक परिणाम लंबित है, जिसके कारण युवाओं में भारी आक्रोश है।

समाहरणालय पहुंचने के बाद अभ्यर्थियों ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना दिया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द परिणाम जारी कर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।