Jharkhand Paramedical Recruitment : झारखंड के विभिन्न कारागारों में पारा मेडिकल कर्मियों की नियुक्ति के लिए आयोजित होने वाली संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 की तिथि घोषित कर दी गई है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने आधिकारिक रूप से जानकारी दी है कि यह परीक्षा 10 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में होगी और इसके लिए रांची में विभिन्न परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।

आयोग के अनुसार भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए जुलाई के पहले सप्ताह में आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक सक्रिय कर दिया जाएगा।
JSSC ने स्पष्ट किया है कि किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश पत्र डाक या अन्य ऑफलाइन माध्यम से नहीं भेजा जाएगा। ऐसे में सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और उसमें दर्ज विवरणों की जांच कर लें।
परीक्षा को लेकर आयोग ने उम्मीदवारों के लिए सख्त दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। आयोग ने चेतावनी दी है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग, पैरवी या अन्य अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था की जाएगी।
आयोग ने कहा है कि यदि कोई अभ्यर्थी परीक्षा में कदाचार करते हुए पाया जाता है या किसी पेपर लीक अथवा धोखाधड़ी से जुड़े मामले में शामिल मिलता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में ‘झारखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं निवारण के उपाय) अधिनियम, 2023’ के तहत कार्रवाई होगी, जिसमें जुर्माना और कारावास दोनों का प्रावधान है।
परीक्षार्थियों को यह भी सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से संबंधित किसी भी सूचना के लिए केवल JSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें। सोशल मीडिया या अन्य अनधिकृत स्रोतों से मिलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील की गई है।
गौरतलब है कि यह भर्ती प्रक्रिया झारखंड के विभिन्न जेलों में रिक्त पारा मेडिकल पदों को भरने के लिए आयोजित की जा रही है। परीक्षा के सफल आयोजन के बाद चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। ऐसे में हजारों अभ्यर्थी अब एडमिट कार्ड जारी होने और परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।


