महुआडांड़ में चला सघन वाहन जांच अभियान, ओवरलोड स्कूल वैन से लेकर बिना हेलमेट चालकों पर हुई कार्रवाई

महुआडांड़ में सघन वाहन जांच अभियान के दौरान ओवरलोड स्कूल वैन, ट्रिपल राइडिंग और बिना हेलमेट वाहन चालकों पर कार्रवाई हुई, प्रशासन ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

महुआडांड़: सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। गुरुवार को जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) उमेश मंडल के नेतृत्व में महुआडांड़ के बिरसा चौक के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना और लोगों में जागरूकता बढ़ाना था।

स्कूल वैन, बसों और दोपहिया वाहनों की हुई जांच

वाहन जांच के दौरान महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार, एसआई बंधन तिर्की, पुलिसकर्मी ऋषि कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने चौक से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों के अलावा स्कूल वैन तथा यात्री बसों की भी बारीकी से जांच की।

नियम तोड़ने वालों पर लगा जुर्माना

जांच के दौरान स्कूल वैन में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाने, दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने और बसों के परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस, बीमा समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत जुर्माना लगाया गया। साथ ही उन्हें भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।

बच्चों की सुरक्षा से नहीं होगा कोई समझौता

डीटीओ उमेश मंडल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्कूल वैन संचालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को वाहन में नहीं बैठाने और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया।

लोगों से नियमों का पालन करने की अपील

डीटीओ ने आम लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, ट्रिपल राइडिंग से बचें और वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें। प्रशासन ने साफ किया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह का सघन वाहन जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।