सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए रेलवे में अप्रेंटिसशिप करने का अच्छा अवसर है। रेलवे कोच फैक्ट्री, कपूरथला में अप्रेंटिसशिप के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 5 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि आवेदन शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 8 सितंबर 2026 है।

734 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के जरिए अलग-अलग ट्रेड में कुल 734 अप्रेंटिस पदों को भरा जाएगा। खास बात यह है कि उम्मीदवारों को इसके लिए किसी बड़ी डिग्री की जरूरत नहीं है। 10वीं और आईटीआई पास युवा इस भर्ती में आवेदन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा या इंटरव्यू का प्रावधान नहीं रखा गया है।
10वीं में 50% अंक और आईटीआई जरूरी
अप्रेंटिस पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ पास होना जरूरी है। इसके साथ संबंधित ट्रेड में आईटीआई सर्टिफिकेट भी होना चाहिए। आयु सीमा की बात करें तो 5 सितंबर 2026 को उम्मीदवार की उम्र कम से कम 15 वर्ष और अधिकतम 24 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
बिना परीक्षा और इंटरव्यू होगा चयन
इस भर्ती की सबसे खास बात चयन प्रक्रिया है। उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा या इंटरव्यू में शामिल नहीं होना होगा। आवेदकों को 10वीं और ITI में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट के जरिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसलिए उम्मीदवारों के लिए आवेदन में शैक्षणिक जानकारी सही तरीके से दर्ज करना बेहद जरूरी है।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
आवेदन करने के लिए सबसे पहले रेलवे कोच फैक्ट्री की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होम पेज पर “Apply for online application of Act Apprentice Training” लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन पूरा करें और मांगी गई सभी जानकारी भरकर आवेदन फॉर्म सबमिट करें। यदि शुल्क लागू है तो ऑनलाइन भुगतान करें। आवेदन पूरा होने के बाद फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
किसे कितना देना होगा आवेदन शुल्क?
आवेदन शुल्क के तौर पर जनरल, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को 100 रुपये जमा करने होंगे। वहीं SC, ST और महिला उम्मीदवारों से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। उम्मीदवार आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में योग्यता, ट्रेड, आयु सीमा और अन्य शर्तों की जांच जरूर कर लें।


