रांची में 60 लाख की चोरी का खुलासा, मौसेरे देवर ने दोस्तों संग रची थी साजिश; युवती समेत 4 गिरफ्तार

रांची के लालपुर में 60 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया। पीड़िता के मौसेरे देवर ने दोस्तों और महिला मित्र के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi Theft Case : राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में एक घर से करीब 60 लाख रुपये के गहने और नकदी चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पीड़िता के मौसेरे देवर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के जेवर, नकदी, मोबाइल फोन और चोरी के पैसों से खरीदी गई एक XUV कार भी बरामद की है।

घर की चाबी देकर गई थीं पटना, लौटीं तो खाली मिली अलमारी

जानकारी के अनुसार, लालपुर स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाली वीणा विभा कुमारी 22 मई को अपने ससुराल पटना गई थीं। जाने से पहले उन्होंने घर की चाबी अपने मौसेरे देवर हर्ष कुमार सिंह उर्फ आयुष को सौंपी थी। 31 मई को जब वे वापस लौटीं तो अलमारी से लगभग 60 लाख रुपये के गहने और 40 हजार रुपये नकद गायब मिले।

इसके बाद पीड़िता की शिकायत पर लालपुर थाना में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी से खुला चोरी का राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें पता चला कि आरोपियों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ छेड़छाड़ की थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि हर्ष कुमार सिंह ने अपने दोस्तों और एक महिला मित्र के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

गहने बेचकर खरीदी थी XUV कार

पूछताछ में मुख्य आरोपी हर्ष कुमार सिंह ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घर से जेवर और नकदी की चोरी की थी। चोरी के कुछ गहने बेचकर उसने एक XUV कार भी खरीद ली थी। पुलिस ने उक्त कार को भी जब्त कर लिया है।

ये चार आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है—

* हर्ष कुमार सिंह उर्फ आयुष (मुख्य आरोपी एवं पीड़िता का मौसेरा देवर)
* सिद्धांत सुमन (मुख्य आरोपी का दोस्त)
* धनंजय कुमार वर्मा उर्फ सोनी (चोरी के गहने खरीदने का आरोपी)
* लाइबा धान उर्फ निधि (आरोपी की महिला मित्र)

क्या-क्या बरामद हुआ?

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर—

* XUV कार
* डेढ़ लाख रुपये नकद
* सोने के इयररिंग और टॉप सेट
* डायमंड रिंग
* डायमंड मंगलसूत्र
* प्लैटिनम के गहने
* कई महंगे मोबाइल फोन

बरामद किए हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।