झारखंड : ED ने इस IPS अधिकारी और उनके पति की रांची और दिल्ली में स्थित 1.46 करोड़ की अचल संपत्ति जब्त की

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड कैडर की आईपीएस अधिकारी प्रिया दुबे पर ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने उनके पति आरपीएफ डीआईजी संतोष कुमार दुबे पर भी कार्रवाई की है।

ईडी ने झारखंड पुलिस की आईजी प्रशिक्षण प्रिया दुबे और उनके पति आरपीएफ डीआईजी संतोष कुमार दुबे की रांची और दिल्ली में स्थित एक करोड़ 46 लाख रुपये की अचल संपत्ति जब्त कर ली है।

प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट के तहत सीबीआई में दर्ज एक मामले के आधार पर ईडी ने यह कार्रवाई की है। ईडी की यह कार्रवाई मनी लाउंड्रिंग के एक मामले की जांच का भी नतीजा है।

ईडी ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए प्रिया दुबे, उनके पति संतोष कुमार दुबे और दूसरे के नाम पर खरीदी गयी अचल संपत्ति जब्त कर ली है।

बता दें कि आरपीएफ के तत्कालीन कमांडेंट संतोष कुमार दुबे और अन्य के खिलाफ 10 जुलाई 2013 को सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की थी।

प्रिया दुबे और संतोष कुमार दुबे के वर्ष 1998 से वर्ष 2013 के बीच मिले वेतन और दूसरे स्रोतों से होनेवाली आय की जानकारी इकट्ठा की थी।

जांच में पता चला था कि दोनों ने ज्ञात स्रोत से एक करोड़ 57 लाख 27 हजार की आय अर्जित की थी, परंतु उनके पास से दो करोड़ 65 लाख रुपये की संपत्ति मिली।

सीबीआई ने जांच में पाया था कि प्रिया दुबे और उनके पति संतोष कुमार दुबे ने पद पर रहते हुए अपनी आय से एक करोड़ 48 लाख रुपये अधिक की कमाई की।

जांच में सीबीआई ने पाया था कि दोनों अधिकारियों ने भ्रष्ट और गलत तरीकों से यह आमदनी कमाई थी। इस मामले में सीबीआई ने मनी लाउंड्रिंग की धाराओं के तहत दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

ईडी के अधिकारियों के अनुसार, जांच में यह पता चला है कि संतोष कुमार दुबे ने ज्यादातर अचल संपत्ति अपनी पत्नी प्रिया दुबे और पिता शंकर दयाल दुबे के नाम पर खरीदी थी।

साथ ही, अवैध तरीके से हासिल संपत्ति को भी गलत तरीके से अपनी आय के स्रोत के तौर पर बताया है। इस मामले में ईडी आगे की कार्रवाई कर रही है।

बता दें कि ईडी ने आईपीएस अधिकारी प्रिया दुबे और उनके पति संतोष कुमार दुबे के रांची के अशोक नगर में 30 लाख रुपये में खरीदे गये एक भूखंड को जब्त किया है।

इसके अलावा रांची में ही ग्रीन व्यू हाइट्स में 43 लाख 85 हजार 400 रुपये में खरीदे गये फ्लैट को भी जब्त किया गया है। वहीं, दिल्ली स्थित डिफेंस कॉलोनी में तीन कमर्शियल शॉप और एक फ्लैट (कीमत लगभग 72 लाख 40 हजार रुपये) को भी ईडी ने जब्त कर लिया है।

Share This Article