‘मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया साइकिल रैली का उद्घाटन

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शुक्रवार को खेल निदेशालय के तत्वावधान में देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ को समर्पित ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के मौके पर साइकिल रैली का उद्घाटन किया।

इस दौरान उन्होंने स्वयं साइकिल भी चलाई।इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि हम सभी को गर्व है कि देश की आजादी के लिए अनेक वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी।भारत का लोकतंत्र इन वीर सपूतों की कुर्बानी की ही देन है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के लोकतंत्र को स्थापित करने में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, लाल बहादुर शास्त्री, सरदार वल्लभ भाई पटेल, संविधान निर्माता डॉ भीमराव आंबेडकर, भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू और वीर बुधु भगत सहित कई वीर सपूतों ने अहम भूमिका निभायी।

उन्होंने कहा कि आज के दिन मैं इन सभी वीर सपूतों को नमन करता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ को समर्पित ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ का आयोजन राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा और उत्साह का प्रतीक है। उन्होंने लोगों को शुभकामनाएं भी दीं।

उल्लेखनीय है कि यह साइकिल रैली मुख्यमंत्री आवास कांके रोड से शुरू होकर प्रेमसंस मोटर्स चौक, कांके रोड, रांची कॉलेज, मान्या पैलेस, टीआरआई, करम टोली चौक, पुलिस अधीक्षक आवास एवं गवर्नर हाऊस चौक होते हुए ऑड्रे हाउस तक पहुंचेगी। साइकिल रैली का समापन ऑड्रे हाउस में होगा।

इस मौके पर राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, खेल सचिव पूजा सिंघल, खेल निदेशक जीशान कमर सहित राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) सहित अन्य संस्थान के युवा बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Share This Article