
Home Guard Recruitment: सरायकेला–खरसावां जिले में गृह रक्षक (होमगार्ड) भर्ती को लेकर चल रही प्रक्रिया का अहम चरण पूरा हो गया है। शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा का आयोजन तय कार्यक्रम के अनुसार सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया गया।
जारी जानकारी के मुताबिक, 01 अप्रैल 2026 को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में राजनगर प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा हुई, जबकि 02 अप्रैल 2026 को पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता जांच और हिन्दी लेखन परीक्षा आयोजित की गई।
राजनगर प्रखंड के लिए कुल 1778 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें 652 महिलाएं और 1126 पुरुष शामिल थे। 01 अप्रैल को हुई परीक्षा में 652 में से 420 महिला अभ्यर्थी उपस्थित रहीं, जबकि 02 अप्रैल को 1126 में से 740 पुरुष अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
दौड़ की परीक्षा में 320 महिला और 185 पुरुष अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए।
वेबसाइट पर अपलोड हो रहे हैं अंक पत्र
दौड़ में सफल अभ्यर्थियों ने अगले चरण ऊंची कूद, लंबी कूद, शॉट पुट और हिन्दी लेखन परीक्षा में हिस्सा लिया। सभी चरणों में प्रदर्शन के आधार पर अभ्यर्थियों के अंक तैयार कर लिए गए हैं।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया है कि इन अभ्यर्थियों के औपबंधिक अंक पत्र आधिकारिक वेबसाइट seraikela.nic.in पर अपलोड किए जा रहे हैं, ताकि उम्मीदवार अपनी जानकारी देख सकें। हालांकि, यह साफ कर दिया गया है कि यह केवल सूचना के लिए है और इसे अंतिम मेरिट लिस्ट नहीं माना जाएगा।
गृह रक्षक भर्ती के लिए अंतिम मेधा सूची परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी प्रखंडों और श्रेणियों के लिए एक साथ अलग से जारी की जाएगी।

