गर्मी के बीच मौसम का बड़ा यू-टर्न, 11 राज्यों में तूफान और बारिश का अलर्ट

Manu Shrivastava
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश समेत 11 राज्यों में आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 15 घंटों के भीतर कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है।

इसके साथ ही अगले 48 घंटों में केरल में मानसून पहुंचने की आधिकारिक घोषणा भी हो सकती है। हालांकि इस बार अल नीनो के असर के कारण मानसून कमजोर रहने की आशंका जताई जा रही है।

इन राज्यों में बारिश और तेज आंधी की चेतावनी

पश्चिमी विक्षोभ और मानसूनी गतिविधियों के प्रभाव से उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और केरल में मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि इन राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और लोगों को लू से राहत मिलेगी।

दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल गुरुवार और शुक्रवार को भीषण गर्मी और लू का असर बना रहेगा, लेकिन इसके बाद मौसम करवट लेगा। यहां गरज-चमक के साथ बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

यूपी-बिहार में तेज हवाओं संग बारिश

उत्तर प्रदेश के वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर और कानपुर समेत कई जिलों में 28 से 31 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। कई जगहों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और ओलावृष्टि भी हो सकती है।

वहीं बिहार के कटिहार, पूर्णिया और पूर्वी चंपारण समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने यहां भी तेज हवाएं, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना जताई है।

राजस्थान में ऑरेंज अलर्ट जारी

राजस्थान में मौसम विभाग ने 27 और 28 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभागों में धूल भरी आंधी, तेज हवाएं और बारिश हो सकती है। गुरुवार से शनिवार के बीच इसका सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव लोगों को गर्मी से राहत जरूर देगा, लेकिन तेज आंधी और बिजली गिरने जैसी घटनाओं से सतर्क रहने की जरूरत होगी।

 

Share This Article