झारखंड विधानसभा में जहाज हादसे पर हंगामा, सदन की कार्यवाही स्थगित

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड विधानसभा बजट सत्र के 17वें दिन शुक्रवार को सदन में साहिबगंज में हुई जहाज दुर्घटना के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ।

विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

सदन की कार्यवाही पूर्वाह्न 11:00 बजे शुरू होते ही भाजपा के विरंची नारायण ने इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने साहेबगंज के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को भी निलंबित करने की मांग की।

इनके अलावा भाजपा के विधायक अनंत कुमार ओझा, झारखंड मुक्ति मोर्चा के लोबिन हेंब्रम और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने इस घटना की सीबीआई जांच की मांग करते हुए साहेबगंज के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को निलंबित करने की मांग की।

संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम ने बताया कि फेरी घाट से दो साल के अंतराल पर बिहार और झारखंड की ओर से परिचालन कराया जाता है।

कुछ दिनों से यह घाट बंद था लेकिन अभी फिर से चालू हुआ है। इस घाट के माध्यम से भारी वाहनों को भी नाव पर लोड कर बिहार और झारखंड लाया ले जाया जाता है।

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है और दोषी पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

संसदीय कार्य मंत्री के जवाब पर विपक्षी विधायक चुप नहीं हुए और आसन के निकट आकर हंगामा करते रहे। इस वजह से विधानसभा अध्यक्ष रबिन्द्र नाथ महतो ने सभा की कार्यवाही को दोपहर 12:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

इसके बाद सदन की कार्यवाही 12 बजे शुरू होते ही भाजपा विधायक वेल में जाकर डीसी और एसपी को सस्पेंड करने की मांग करने लगे। इसके बाद फिर से विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

Share This Article