नामकुम थानेदार पर अपराधी को संरक्षण देने का आरोप

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : जिले के नामकुम थानेदार पर केतारीबगान के रहने वाले राजेश कुमार सिंह (Rajesh Kumar Singh) ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

राजेश कुमार ने रविवार को IG को एक लिखित शिकायत के माध्यम से नामकुम थानेदार पर अपराधी को संरक्षण देने, प्राथमिकी दर्ज नहीं करने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई न करने के आरोप लगाया है।

जमीन खरीदने के बाद भी पूर्व मालिक ने जमीन खाली करने को कहा

इस संबंध में IG को दी गई लिखित शिकायत में बताया गया है कि वर्ष 2018 में स्कूल खोलने के उद्देश्य से बेला लोहार से जमीन खरीदी थी।

म्यूटेशन (Mutation) के बाद निर्माण कार्य पूरा होने के पश्चात वर्ष 2019 से स्कूल शुरू किया गया। बीते मार्च में जमीन के पूर्व मालिक बेला लोहार नशे में धुत्त होकर 12 लोगों के साथ लाठी डंडे हथियार से लैस होकर स्कूल (School) पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इन लोगों ने जमीन खाली करने को कहा।

साथ ही जमीन खाली नहीं करने पर 20 लाख रुपये की मांग की, अन्यथा जान से मारने की धमकी दी। बीते 27 मई को भी पुनः बेला लोहार अज्ञात लोगों के साथ स्कूल पहुंचकर दो दिन में 20 लाख रुपये पहुंचाने की धमकी दी, अन्यथा गोली मारकर हत्या (Murder) करने की धमकी दी।

मामले को लेकर नामकुम थाना में 28 मई को लिखित शिकायत की गयी। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया। साथ ही SI बाबूलाल टुडू का मोबाइल नंबर भी दिया।

29 जून को बेला लोहार सुबह सात बजे जब बच्चे स्कूल पहुंच रहे थे, उसी समय करीब 24 लोगों के साथ हथियार से लैस होकर पहुंचा।

मामले की सूचना देने पर भी कार्रवाई नहीं कर रहे थाना प्रभारी

मामले की सूचना SI बाबूलाल टूडु (Babulal Tudu) को फोन पर दी गयी। SI ने थाना में बल की कमी बताकर नहीं आया और नौ बजे थाना बुलाया।

काफी इंतजार के बाद करीब एक बजे दोपहर थाना प्रभारी आये। मामले की जानकारी थाना प्रभारी को दी गयी तो कार्रवाई करने से इंकार कर दिया।

सिविल विवाद बताकर स्कूल बंद (School closed) करने की सलाह दे डाली। साथ ही थानेदार ने कहा कि स्कूल खोलने पर जान-माल की हानि हो सकती है। हम मदद नहीं कर सकते।

Share This Article