
Gold Heist : पटना के खगौल थाना क्षेत्र में हाईवे पर एक सनसनीखेज सोने की लूट सामने आई है। गुजरात के कारोबारी के स्टाफ से करीब 17 किलो सोना बदमाशों ने लूट लिया। आरोपियों ने कस्टम अधिकारी बनकर वारदात को अंजाम दिया और पीड़ितों को बंधक बनाकर सुनसान जगह छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, राजकोट निवासी महेश मामतोरा और अहमदाबाद निवासी प्रिंस रामपरिया दानापुर रेलवे स्टेशन से बाकरगंज जा रहे थे। जैसे ही उनका ऑटो खगौल ओवरब्रिज पर पहुंचा, सफेद शर्ट और खाकी पैंट में 5-7 बदमाशों ने उन्हें रोका। खुद को कस्टम अधिकारी बताकर उन्होंने तीनों बैग अपने कब्जे में ले लिए और फरार हो गए।
पीड़ितों ने बताया कि बदमाशों का व्यवहार पूरी तरह प्रोफेशनल और असली अधिकारियों जैसा था। उन्हें कार में बंधक बनाया गया और बाद में सुनसान जगह पर छोड़ दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही खगौल थाना पुलिस, डीआईयू और एसटीएफ सक्रिय हो गए। संदिग्ध कार बरामद कर ली गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। खगौल थाना प्रभारी रंजन कुमार ने कहा कि सही सोने की मात्रा और पूरी साजिश तब स्पष्ट होगी जब गुजरात के व्यापारी मौके पर आएंगे।
एसपी दानापुर शिवम धाकड़ ने पुष्टि की कि घटना में प्रयुक्त कार जब्त कर ली गई है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

