मुंगेर में तेज रफ्तार कार का कहर, अर्टिगा ने तीन लोगों को कुचला, मौके पर मौत

मुंगेर में तेज रफ्तार अर्टिगा ने सड़क किनारे काम कर रहे तीन लोगों को कुचला, मौके पर मौत, घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम किया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Bihar Road Accident : जिले में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित मारुति सुजुकी एर्टिगा ने सड़क किनारे काम कर रहे तीन लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

यह घटना NH-333B पर मुंगेर-बरियारपुर मुख्य मार्ग स्थित बनौधा-तेलिया तालाब के पास लोहापुल के समीप हुई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2:30 बजे एक ट्रक खराब होकर सड़क किनारे खड़ा था, जिसकी मरम्मत की जा रही थी। उसी दौरान बरियारपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा अचानक अनियंत्रित हो गई और वहां मौजूद लोगों को रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान बनौधा निवासी मोहम्मद अरमान, हाजीसुजान निवासी मोहम्मद टिंकू उर्फ शाहिद और कंतपुर नौवागढ़ी निवासी ट्रक चालक राजा मंडल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अरमान और टिंकू मैकेनिक थे और ट्रक की मरम्मत कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद अर्टिगा वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में सवार लोग घायल अवस्था में ही दूसरे वाहन से मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर लंबा जाम लग गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद लोगों को समझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।