
Drinking Water Supply : रांची में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने सभी नगर निकायों को गर्मी के मौसम में हर हाल में पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। जुपमी भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने जलापूर्ति, सफाई व्यवस्था और नगर निकायों की राजस्व वृद्धि को लेकर कई अहम निर्देश दिए।
प्रधान सचिव ने कहा कि नगर निकाय यूजर्स चार्ज और होल्डिंग टैक्स की वसूली गंभीरता से करें ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने सरकारी और निजी संस्थानों से भी समन्वय बनाकर लंबित होल्डिंग टैक्स वसूलने पर जोर दिया। औद्योगिक क्षेत्रों के टैक्स को लेकर अलग बैठक आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में जिन नगर निकायों में बस स्टैंड नहीं हैं, वहां जल्द प्रस्ताव भेजने को कहा गया। साथ ही पुराने बस स्टैंडों की मरम्मत और बड़े शहरों में अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) निर्माण के लिए भी योजना तैयार करने को कहा गया। मल्टीपरपज हॉल, सामुदायिक भवन और सड़क चौड़ीकरण से जुड़ी योजनाओं का प्रस्ताव भी विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए।
प्रधान सचिव ने कहा कि जिन इलाकों में अब तक पेयजलापूर्ति नहीं पहुंची है, उनकी सूची तैयार कर उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जलमीनार और जलस्रोतों की संख्या बढ़ाने पर भी बल दिया गया।
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर उन्होंने नगर निकायों को विशेष कार्ययोजना के तहत काम करने को कहा। डोर-टू-डोर कचरा उठाव, डंप यार्ड तक परिवहन और कचरे के पृथक्करण की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। खराब प्रदर्शन करने वाली एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें हटाने तक की बात कही गई।
रांची नगर निगम को शहर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की भी बात कही गई।
बैठक में सुडा निदेशक सूरज कुमार, डीएमए निदेशक नैन्सी सहाय, रांची नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

