
एक महीने में पांच लोगों की मौत
नवादा : नवादा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक महीने में अबतक कुल 5 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, तीन मवेशी भी मारे जा चुके हैं। ताजा मामला जिले के गोविंदपुर विधानसभा क्षेत्र के कौआकोल थाना क्षेत्र अंतर्गत बिंदी चक गांव से सामने आया है, जहां मंगलवार तड़के करीब 3 बजे हाथियों के झुंड ने एक 60 वर्षीय वृद्ध को कुचलकर मार डाला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान राजा राम पासवान (60 वर्ष), पिता स्व. लखन पासवान, निवासी बिंदी चक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे अपने खेत में बने कमरे में सो रहे थे, जहां मूंग की फसल लगी हुई थी। इसी दौरान हाथियों का झुंड वहां पहुंच गया और उन्हें कुचल दिया। शव की स्थिति इतनी गंभीर थी कि पहचान करना मुश्किल हो गया, बाद में कपड़ों के आधार पर पहचान की गई।

परिजनों के अनुसार, मृतक के तीन बेटों की शादी अभी बाकी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के भतीजे ने प्रशासन से मुआवजे की मांग करते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मदद की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का यह झुंड कौआकोल के पूर्वी इलाके से होते हुए जमुई जिले की सीमा से यहां पहुंचा है। झुंड ने बिंदी चक हनुमान मंदिर के पास कई मकानों को भी क्षतिग्रस्त किया है।
गौरतलब है कि रजौली और गोविंदपुर क्षेत्र में बीते एक महीने के भीतर हाथियों का यह पांचवां हमला है। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में भय व्याप्त है और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

