Baliguma Water Tank : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो पेयजल परियोजना से जुड़ी लंबे समय से बंद पड़ी बालीगुमा पानी टंकी को चालू करने की दिशा में पहल तेज कर दी है। गुरुवार को उन्होंने डिमना चौक से डिमना नाला तक एनएच-33 किनारे क्षेत्र का निरीक्षण कर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से टंकी तक पाइपलाइन बिछाने के संभावित मार्गों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने एनएचएआई अधिकारियों और इंजीनियरों के साथ विस्तार से चर्चा की। खासकर निर्माणाधीन ओवरब्रिज और पाइपलाइन के बीच समन्वय को लेकर तकनीकी पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया, ताकि भविष्य में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।

एनएचएआई ने सुझाए वैकल्पिक मार्ग
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पाइपलाइन बिछाने में कोई रुकावट नहीं डाली जा रही है। उन्होंने बताया कि ओवरब्रिज के रैंप निर्माण को देखते हुए पाइपलाइन को सुरक्षित रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग का सुझाव दिया गया है। इसके तहत डिमना चौक से पाइपलाइन को एनएच के यूटिलिटी कॉरिडोर से ले जाकर डिमना नाला पार कर बालीगुमा टंकी तक पहुंचाने की योजना पर चर्चा हुई।
एक अन्य विकल्प में पाइपलाइन को अस्थायी रूप से डिमना नाला के आधार तल से पार कराने और बाद में पुल निर्माण पूरा होने पर स्थायी रूप से शिफ्ट करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
दो विकल्पों पर सहमति, जल्द होगा सर्वे
बैठक में पाइपलाइन के दो संभावित मार्गों पर सहमति बनी। पहला विकल्प आशियाना क्षेत्र की ओर से बालीगुमा टंकी तक लाइन ले जाने का है, जबकि दूसरा विकल्प सुकना बस्ती होकर पाइपलाइन बिछाने का है। दोनों विकल्पों का तकनीकी सर्वे कर सबसे उपयुक्त मार्ग का चयन किया जाएगा।
जल्द शुरू हो सकती है पेयजल आपूर्ति
सरयू राय ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि तकनीकी और वित्तीय रूप से उपयुक्त विकल्प चुनकर जल्द कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि निर्णय समय पर हुआ तो दो दिनों के भीतर काम शुरू किया जा सकता है और करीब छह वर्षों से बंद पड़ी बालीगुमा पानी टंकी से लोगों को जल्द पेयजल आपूर्ति मिलने की उम्मीद जगेगी।


