
पटना : बिहार के नालंदा जिले के नगरनौसा प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय कला कैला में बुधवार को मिड-डे मील खाने के बाद 50 से अधिक बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, दोपहर का भोजन करने के कुछ ही देर बाद बच्चों को उल्टी, दस्त, चक्कर और घबराहट की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते कई बच्चे बेहोश होकर गिर पड़े। आनन-फानन में सभी बीमार बच्चों को नगरनौसा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें चंडी रेफरल अस्पताल भेजा गया है, जबकि कई अभिभावक अपने बच्चों का इलाज निजी अस्पतालों में करा रहे हैं।
अस्पताल में भर्ती पांचवीं कक्षा की छात्रा अमृता कुमारी ने बताया कि मिड-डे मील में चावल और चने (छोला) की सब्जी परोसी गई थी। खाना खाने के दौरान सब्जी में एक संदिग्ध ‘गोली’ जैसी वस्तु भी मिली थी। छात्रा के अनुसार, भोजन करने वाले लगभग सभी बच्चों की तबीयत धीरे-धीरे बिगड़ने लगी।
बताया जा रहा है कि रोजाना की तरह इस बार शिक्षकों द्वारा भोजन का स्वाद पहले नहीं चखा गया था। हालांकि, अमरेश सर नामक एक शिक्षक ने वही भोजन किया था, जिसके बाद उन्हें भी तेज चक्कर आने लगे और इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और शिक्षा विभाग के अधिकारी हरकत में आ गए। अमित कुमार पटेल, शिक्षा विभाग के डीपीओ आनंद शंकर, डीईओ आनंद विजय और अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचकर बच्चों की स्थिति की जानकारी ली। वहीं जयप्रकाश सिंह भी अस्पताल पहुंचकर बीमार बच्चों का हाल जाना।
इस पूरे मामले की लिखित सूचना विभाग के वरीय अधिकारियों को भेज दी गई है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मिड-डे मील के भोजन के नमूने की भी जांच कराई जा रही है।

