
रांची : झारखंड में B.Ed, M.Ed और BP.Ed पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा शनिवार, 31 मई को आयोजित की जाएगी। परीक्षा में राज्यभर से 45 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इसका आयोजन झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) द्वारा किया जा रहा है।
परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 9 बजे से परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले यानी 10:15 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा के लिए राज्य के आठ जिलों—रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग और चाईबासा—में कुल 94 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सर्वाधिक 30 केंद्र रांची में स्थापित किए गए हैं।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा ऑफलाइन मोड में ओएमआर शीट पर आयोजित होगी। प्रश्नपत्र में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक निर्धारित है, जबकि गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक काटे जाएंगे।
परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेधा सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों का नामांकन राज्य के सरकारी और गैर-सरकारी B.Ed कॉलेजों में किया जाएगा। राज्य के 136 B.Ed कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए करीब 13,600 सीटों पर नामांकन होना है।
परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों पर सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पर्षद ने अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा प्रवेश पत्र के साथ निर्धारित पहचान पत्र लेकर आने की सलाह दी है।

