रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के वरिष्ठ नेता और भारतीय किसान सभा के झारखंड राज्य सचिव मंगल ओहदार का निधन हो गया। वे पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रहे थे। गुरुवार रात उनके निधन की खबर सामने आने के बाद चितरपुर और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है।

मंगल ओहदार रामगढ़ जिले के चितरपुर प्रखंड अंतर्गत मुरुबंदा गांव के रहने वाले थे। उन्होंने लंबे समय तक राजनीति और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। वामपंथी राजनीति में उनकी अलग पहचान थी। वे वर्ष 2009 में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के टिकट पर रामगढ़ विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुके थे। इसके अलावा, 1980 के दशक में उन्होंने बड़कीपोना पंचायत के मुखिया के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई थी।
दामोदर नदी के तट पर हुआ अंतिम संस्कार
मंगल ओहदार का अंतिम संस्कार शुक्रवार को दामोदर नदी स्थित श्मशान घाट पर किया गया। उनके बेटे पॉवेल कुमार ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
उनके निधन पर राज्य के मंत्री योगेंद्र प्रसाद, गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, रामगढ़ की विधायक ममता देवी और पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता समेत कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने शोक जताया।
इसके अलावा पार्षद धनेश्वर महतो, महेंद्र पाठक, बासुदेव महतो, डॉ. बीएन ओहदार, चित्रगुप्त महतो, बजरंग महतो, अमृतलाल मुंडा, इंशा अल्लाह, बलराम सिंह, पुन्नूराम नायक, विनय मुन्ना और जगन्नाथ बेदिया ने भी उनके निधन पर दुख व्यक्त किया।
मंगल ओहदार के निधन से क्षेत्र के राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं में शोक है। लोगों ने उनके सामाजिक योगदान और लंबे राजनीतिक सफर को याद किया।


