रांची में यहां स्कूल से बरामद हुआ चार बोरा डोडा, तीन अफीम कारोबारी गिरफ्तार

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : मांडर थाना पुलिस ने अफीम और डोडा का कारोबार करने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, इनके पास से 43 किलोग्राम डोडा, 700 ग्राम अफीम, एक देसी कट्टा, पांच मोबाइल फोन, एक वजन करनेवाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन, एक बाइक, एक महिंद्रा पिकअप मालवाहक, एक बलेनो कार, पांच मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद किये गये हैं।

ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में गोलू कुमार उर्फ विपुल, संतोष कुमार और जय किशोर गुप्ता शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग ब्रांबे तिग्गा हॉस्टल में रहकर सब्जी का कारोबार का बहाना बनाकर अफीम और डोडा का कारोबार कर रहे हैं।

सूचना के बाद खलारी डीएसपी अनिमेष नैथानी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापामारी की। छापामारी के दौरान तीन लोगों को पकड़ा गया, जबकि एक व्यक्ति भागने में सफल रहा। फरार व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।

ग्रामीण एसपी ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर संत थॉमस पब्लिक स्कूल ब्रांबे से चार बोरा डोडा (43 किलोग्राम) बरामद किया गया।

छापामारी टीम में संजीव कुमार, राना जंग बहादुर सिंह, विनोद पासवान, संजय मुंडा, योगेंद्र सिंह, प्रदीप चौबे सहित सशस्त्र बल शामिल थे।

Share This Article