बिहार में बिजली चोरी पर सख्ती, स्मार्ट प्रीपेड मीटर कंपनियों को मिली ऊर्जा लेखांकन की जिम्मेदारी

बिहार में बिजली चोरी रोकने के लिए स्मार्ट प्रीपेड मीटर कंपनियों को ऊर्जा लेखांकन की जिम्मेदारी दी गई है। रियल टाइम निगरानी से खपत और बिलिंग में पारदर्शिता बढ़ेगी।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Bihar News: राज्य में बिजली चोरी रोकने और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने वाली कंपनियों को अगले 10 वर्षों तक ऊर्जा लेखांकन (एनर्जी अकाउंटिंग) की जिम्मेदारी भी दी गई है।

नई व्यवस्था के तहत वितरण ट्रांसफार्मरों की रियल टाइम निगरानी की जाएगी। ट्रांसफार्मरों में लगाए गए सिम आधारित डिवाइस बिजली आपूर्ति का डेटा सीधे सर्वर तक भेजेंगे, जिससे यह पता लगाया जा सकेगा कि किसी क्षेत्र में कितनी बिजली सप्लाई हुई और उसका कितना उपभोग हुआ।

इस प्रणाली के जरिए बिजली खपत और बिलिंग का मिलान किया जाएगा। यदि सप्लाई और खपत के आंकड़ों में बड़ा अंतर पाया जाता है, तो संबंधित क्षेत्रों में जांच की जाएगी और बिजली चोरी या बिलिंग गड़बड़ी की पहचान की जाएगी।

वहीं जिन उपभोक्ताओं की खपत अधिक लेकिन बिल कम होगा, उन पर विशेष नजर रखी जाएगी। स्वीकृत लोड और वास्तविक उपयोग में अंतर पाए जाने पर कार्रवाई भी संभव होगी।

बिजली कंपनियों को स्मार्ट मीटर लगाने वाली एजेंसियां नियमित रिपोर्ट देंगी, जिसमें राजस्व नुकसान वाले क्षेत्रों और संभावित कारणों की जानकारी होगी। इसके आधार पर विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल बिहार में करीब 2.22 करोड़ उपभोक्ताओं में से लगभग 90 लाख घरों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं। सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था से बिजली चोरी में कमी आएगी, राजस्व बढ़ेगा और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा मिलेगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।