मुख्यमंत्री रांची में और राज्यपाल दुमका में करेंगे ध्वजारोहण

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची के मोरहाबादी में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण करेंगे। जबकि दुमका में राज्यपाल रमेश बैस ध्वजारोहण करेंगे।

इस दौरान दोनों परेड की सलामी लेंगे। ध्वजारोहण को लेकर रांची और दुमका में सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

स्वतंत्रता दिवस को लेकर राजधानी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। विभिन्न चौक-चौराहों पर जवानों को तैनात किया गया है। मोरहाबादी सहित पूरे शहर में दो हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

मोरहाबादी स्थित आयोजन स्थल पर सात डीएसपी, 25 इंस्पेक्टर और 50 दरोगा के अलावा 500 जवानों को तैनात किया गया है। एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों को लगाया गया है।

झारखंड पुलिस अलर्ट

स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट पर है। झारखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर राज्य भर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं।

पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को अलर्ट जारी किया है नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में गश्त तेज की गयी है। दूसरी तरफ संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।

राज्य के सभी होटल, लॉज में ठहरने वालों का भी पूरा ब्यौरा लिया जा रहा है। कब से वहां ठहरे हैं, किस काम से आये हैं और उनके पहचान पत्र आदि भी देखे जा रहे हैं।

Share This Article