धनबाद में पुलिस की वर्दी में 4.34 लाख की लूट

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत जीटी रोड पर सहरजोरी के पास रेडियंट केश मैनेजमेंट के कलेक्शन एजेंट विष्णु कुमार मंडल और दीपक कुमार चौधरी से बदमाशों ने चार लाख 34 हजार रुपये लूट लिये। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इस संबंध में गुरुवार को डीएसपी मुख्यालय अमर कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित लोगों से पूछताछ करने पर मामला संदेहास्पद लग रहा है।

उन्होंने कहा कि लूट की घटना बुधवार सुबह की है और शिकायत देर रात की गई है। उन्होंने बताया कि लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच शुरू कर दी गई है और शीघ्र ही खुलासा भी कर दिया जाएगा।

वारदात के संबंध में रेडियंट केश मैनेजमेंट कंपनी के सुनील कुमार ने बरवाअड्डा थाना को लिखित शिकायत में बताया है कि विष्णु कुमार मंडल और दीपक चौधरी रेडियंट केश मैनेजमेंट में कलेक्शन का काम करते हैं। दोनों कंपनी बकाया कलेक्शन कर बाइक से बरवाअड्डा से गोविंदपुर की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने बैग में रखा 4,34,292 रुपये जबरन छीन लिया और विष्णु कुमार मंडल को अपनी स्कार्पियो गाड़ी में जबरन बैठाकर गोविंदपुर, टुंडी की ओर ले गये।

दीपक को घटनास्थल पर ही छोड़ दिया और बाइक की चाबी निकालकर फेंक दिया। छिनतई करने वाले अपराधी पुलिस की वर्दी में थे।

पीड़ित विष्णु कुमार मंडल ने बताया कि स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों ने साइबर अपराधी कहकर थाना ले जाने के लिए गाड़ी में बैठा लिया लेकिन पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के गोविंदपुर साहिबगंज रोड पर स्थित लटानी ले गये।

उन्होंने कहा कि लटानी में अपराधियों ने उसके साथ मारपीट की और पैसे से भरा बैग लेकर छोड़ दिया। हालांकि, पुलिस ने मामले को संदेहास्पद मानते हुए जांच शुरू कर दी है।

Share This Article