पारण परेड में शामिल हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कहा- सरकार हर क्षेत्र में महिला और पुरुष की बराबर की भागीदारी के लिए प्रतिबद्ध

रांची में झारखंड पुलिस की पारण परेड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। उन्होंने महिला-पुरुष समान भागीदारी पर जोर देते हुए नवप्रशिक्षित जवानों को जनसेवा और अनुशासन का संदेश दिया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को झारखंड पुलिस के नवप्रशिक्षित जवानों और अधिकारियों की पारण परेड में हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि लगभग 30 सप्ताह के कठोर प्रशिक्षण के बाद आप सभी ने सेवा, अनुशासन और समर्पण के जिस मार्ग को चुना है, वह केवल एक नौकरी या तनख्वाह का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा और देशहित का संकल्प है।

विशेष खुशी इस बात की है कि इस बैच में लगभग 25 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी है। यह सशक्त झारखंड की बदलती और मजबूत होती तस्वीर का प्रतीक है। झारखंड सरकार राज्य के हर क्षेत्र में महिला-पुरुष की समान और बराबर की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी नवप्रशिक्षित जवानों एवं अधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।

झारखंड सरकार अपने पुलिस बल और उनके परिवारों के कल्याण, सुरक्षा एवं सम्मान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। हम पुलिस कर्मियों के बच्चों के लिए आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त आवासीय विद्यालय स्थापित करने तथा पुलिस परिवारों के लिए विशेष स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास की दिशा में भी कार्य कर रहे हैं।

हमारा उद्देश्य है कि राज्य की सुरक्षा में दिन-रात समर्पित रहने वाले जवानों और उनके परिवारों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और जीवन की सुविधाएं उपलब्ध हों। मुझे विश्वास है कि सरकार के सहयोग, आधुनिक संसाधनों और आप सभी की निष्ठा एवं समर्पण से हम एक सुरक्षित, सशक्त और विकसित झारखंड के निर्माण के लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह शपथ केवल कुछ शब्दों का औपचारिक संकल्प नहीं, बल्कि राज्य के करोड़ों नागरिकों की सुरक्षा, विश्वास और सम्मान की जिम्मेदारी है। विशेष रूप से उन जवानों के लिए, जिनके परिजनों ने इसी कर्तव्य के रास्ते पर चलते हुए राज्य की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति दी थी। सरकार ने उनके उसी अधूरे रास्ते और सफर को आगे बढ़ाने तथा पूरा करने की जिम्मेदारी अब आपके कंधों पर सौंपी है। मुझे विश्वास है कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान, अनुशासन और कौशल के बल पर आप सभी कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।