

Nishant Kumar CM Slogan : पटना स्थित जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कार्यालय में शनिवार को भामाशाह जयंती समारोह के दौरान राजनीतिक हलचल तेज हो गई। कार्यक्रम के बीच कार्यकर्ताओं ने ‘निशांत कुमार सीएम बनें’ के नारे लगाए और उन्हें मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग उठाई। इस दौरान निशांत कुमार का चांदी के मुकुट से स्वागत भी किया गया।





कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
जदयू कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे। पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ समारोह मनाया गया। इसी दौरान कार्यकर्ताओं ने निशांत कुमार के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
इस्तीफे के बाद पहला दौरा
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी कार्यक्रम में पहुंचे। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद जदयू कार्यालय में यह उनका पहला दौरा बताया जा रहा है। उनके पहुंचते ही नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
कार्यालय परिसर में भारी उत्साह का माहौल देखा गया। इस दौरान नीतीश कुमार ने अपने ऊपर बने गीत का आनंद लिया और तालियां बजाकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
कार्यकर्ताओं को दिए संदेश
समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच विशेष पंपलेट भी बांटे गए, जिनमें दानवीर भामाशाह का परिचय और नीतीश कुमार के पांच प्रमुख संदेश शामिल थे।
इन संदेशों में उन्होंने कहा कि उनके लिए “राजनीति सेवा है, मेवा नहीं” और उनका काम ही उनकी पहचान है। उन्होंने एक बार फिर “न्याय के साथ विकास” का नारा दोहराते हुए बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की बात कही।
नीतीश कुमार ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कोई भी बड़ा लक्ष्य आधे मन से हासिल नहीं किया जा सकता।
वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्री समेत कई वरिष्ठ नेता और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। समारोह के दौरान लगे नारों ने बिहार की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
