
झारखंड: झारखंड में लगातार प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित की जा रही है। आगामी 10 मई को जेपीएससी बैकलॉग की परीक्षा होगी। इस परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन के तरफ से JPSC केंद्रों पर धारा 163 लागू कर दी गई है।
15 केंद्रों में होगी परीक्षा
बता दें 10 मई को झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी), रांची द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (बैकलाग) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2023 आयोजित कराई जाएगी। 10 मई को जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों के बाहर भीड़ लगाने पर रोक
परीक्षा के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी तरह की अव्यवस्था या भीड़ को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं।
इसे लेकर अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर रांची द्वारा बीएनएसएस की धारा 163 के तहत सभी 15 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। यह आदेश 10 मई की सुबह 7 बजे से शाम 8 बजे तक प्रभावी रहेगा।

