
Jharkhand News: रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में दहेज को लेकर एक महिला को तीन तलाक देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति नौशाद आलम और ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शादी के बाद शुरू हुआ उत्पीड़न
महिला ने बताया कि उसकी शादी 9 नवंबर 2024 को चतरा निवासी नौशाद आलम से हुई थी। शादी में दहेज के रूप में 3 लाख रुपये नकद और 5 लाख रुपये के जेवरात दिए गए थे।
लेकिन शादी के बाद ससुराल वाले चार पहिया वाहन की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। उसे खाना नहीं दिया जाता था और घर में बंद करके रखा जाता था।
पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश
महिला ने बताया कि 26 अप्रैल 2025 को ससुराल वालों ने उस पर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की। इसकी जानकारी मिलने पर उसके पिता उसे रांची स्थित मायके ले गए।
इसके बाद जमीयतुल कुरैशी पंचायत के सदर ने पंचायत बुलाई, जिसमें नौशाद और उसके परिवार ने गलती मानते हुए आगे से प्रताड़ना न करने का वादा किया। इसके बाद नौशाद उसे वापस चतरा ले गया।
मारपीट के बाद तीन तलाक
महिला ने बताया कि 19 अगस्त 2025 को चतरा में ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और नौशाद ने तीन बार तलाक बोलकर उसे तलाक दे दिया।
इसके बाद वह अपने मायके रांची लौट आई। उसने यह भी बताया कि ससुराल वालों ने वाट्सऐप पर उसके परिवार को तीन तलाक का कागज भेजा।
पुलिस ने शुरू की जांच
लोअर बाजार पुलिस ने महिला की शिकायत पर नौशाद आलम और ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ की तैयारी में है।

