झारखंड

झारखंड के आगामी चुनाव में भी अपनी ताकत दिखाएगी ‘VIP’

रांची : विकासशील इंसान पार्टी (Vikas Insan Party) के प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने कहा है कि वीआईपी की प्राथमिकता कभी सत्ता की नहीं रही। वीआईपी की प्राथमिकता हाशिए में पड़े गरीबों, वंचितों, शोषितों की आवाज बनना है।

कहा-झारखंड में जोर-शोर से लड़ेंगे निषादों की आरक्षण की लड़ाई

मुकेश सहनी (Mukesh Sahni) ने कहा कि वे गरीबों की आवाज को विधानसभा तक पहुंचाने का काम करेंगे। इसी कड़ी में रांची स्थित प्रेस क्लब में पार्टी की झारखंड प्रदेश समिति का गठन किया गया।

उन्होंने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि झारखंड में निषादों की आरक्षण की लड़ाई जोर-शोर से उठायी जाएगी। मुकेश सहनी सोमवार को पार्टी के झारखंड प्रदेश समिति की घोषणा के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे।

बिहार की तरह झारखंड में भी करेंगे मल्लाह जाति का प्रतिनिधित्व

मुकेश सहनी ने कहा कि बहुत कम समय में हम लोग बिहार में संघर्ष कर सरकार का हिस्सा बने थे। इसी तरह झारखंड में भी काम करते हुए आने वाले चुनाव में वीआईपी अपनी ताकत दिखाने का काम करेगी।

उन्होंने कहा कि झारखंड के 23 विधानसभा क्षेत्र में मल्लाह जाति निर्णायक भूमिका में है, जबकि चार ऐसे विधानसभा (Assembly) है जहां हम अपने दम पर चुनाव जीत सकते हैं।

हमारी जाति के करीब आठ लाख मतदाता इस राज्य में हैं। हमारी लड़ाई बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड में मल्लाह जाति को आरक्षण देने को लेकर है।

कहा-2020 में महागठबंधन के साथ चुनाव लड़ते तो बनती सरकार

झारखंड दौरे से पूर्व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Former RJD supremo Lalu Prasad Yadav) से मुलाकात के विषय पर मुकेश ने कहा कि 2020 में हम यदि महागठबंधन के साथ चुनाव लड़ते तो वहां महागठबंधन का मुख्यमंत्री होता।

उन्होंने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि भले ही हमारी पार्टी के विधायकों को भाजपा ने अपने पाले में कर लिया है, लेकिन हमारे वोटर आज भी हमारे साथ ही हैं। मैं लालू प्रसाद यादव को अपना आदर्श मानता हूं।

2024 के चुनाव में पार्टी को है झारखंड में अच्छे प्रदर्शन का भरोसा

झारखंड वीआईपी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार चौधरी (Newly appointed state president Rajkumar Chaudhary) ने कहा कि संगठन का विस्तार राज्य में हुआ है।

यहां जमीन से लेकर राज्य स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का काम करेंगे। 2024 के विधानसभा और लोकसभा चुनाव में पार्टी अच्छा प्रदर्शन करेगी।

 

डॉ. (प्रो.) राजकुमार चौधरी को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया

डॉ. (प्रो.) राजकुमार चौधरी (प्रदेश अध्यक्ष), विनोद चौहान, प्रदीप सिंह, एसपी चौहान (प्रदेश उपाध्यक्ष), चरण केवट (प्रधान महासचिव), मनोज कुमार निषाद, मंजीत चौधरी (प्रदेश सचिव), राजेश केवट (प्रदेश मीडिया प्रभारी), चंद्रमोहन कुमार चंद्रवंशी (प्रदेश प्रवक्ता), सरयू केवट (राष्ट्रीय महासचिव), मेजर बद्री सहनी, मोतिलाल सरकार (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष), डॉ. राजकुमार बिन्द, विजेंद्र चौधरी (राष्ट्रीय सचिव) की जिम्मेदारी दी गयी है।

Back to top button
Close

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker