एक बार फिर बढ़ा संपत्ति का फासला, गौतम अडानी से काफी आगे निकले मुकेश अंबानी

News Aroma Media
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: भारत समेत एशिया के दो सबसे अमीर उद्योगपतियों रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और अडानी ग्रुप के प्रमुख गौतम अडानी की व्यक्तिगत संपत्ति का फासला एक बार फिर काफी अधिक हो गया है।

एक सप्ताह पहले 25 नवंबर को इन दोनों धनकुबेरों की व्यक्तिगत संपत्ति में सिर्फ 0.04 लाख करोड़ रुपये यानी 0.06 अरब डॉलर का अंतर रह गया था, जो अब बढ़कर 16.5 अरब डॉलर का हो गया है। एक सप्ताह में ही व्यक्तिगत संपत्ति के मामले में अंबानी अडाणी से करीब 16 अरब डॉलर आगे निकल गए हैं।

रिलायंस इंडस्ट्रीज और सऊदी अरामको के बीच होने वाली ऑयल टू केमिकल (ओ-2-सी) बिजनेस की डील के रद्द हो जाने की वजह से पिछले सप्ताह तक रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में जोरदार गिरावट का दौर बना हुआ था।

रिलायंस के शेयर लगातार गिर कर बंद हो रहे थे, जिसकी वजह से इसके शेयर एक सप्ताह की अवधि में ही करीब 10 प्रतिशत तक टूट गए थे। दूसरी ओर अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयर में शानदार तेजी का रुख बना हुआ था।

शेयर मूल्यों में हुई गिरावट के कारण मुकेश अंबानी दुनिया के सबसे अधिक दौलतमंद लोगों की सूची में 11वें स्थान से खिसक कर 12वें स्थान पर आ गए थे। इसके साथ ही उनका नेटवर्थ घटकर 89.7 अरब डॉलर हो गया था।

दूसरी ओर अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयर मूल्य में आई तेजी के कारण गौतम अडानी की व्यक्तिगत संपत्ति बढ़कर 89.1 डॉलर हो गई थी।

रिलायंस के शेयर मूल्य में आ रही गिरावट और अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयर मूल्य में आ रही तेजी के कारण लगने लगा था कि अगले एक-दो दिन में ही व्यक्तिगत संपत्ति के मामले में गौतम अडाणी मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ कर भारत समेत पूरे एशिया महादेश के सबसे रईस व्यक्ति बन जाएंगे। लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

शेयर बाजार की चाल ने एक बार फिर पलटी मारी, जिसके कारण जहां मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति में बढ़ोतरी दर्ज की गई, वहीं गौतम अडाणी की संपत्ति घटती चली गई।

ब्लूमबर्ग बिलियनरीज इंडेक्स के आंकड़ों के मुताबिक आज की तारीख में मुकेश अंबानी दुनिया के सबसे रईस लोगों की सूची में दोबारा 11वें स्थान पर आ गए हैं और उनकी व्यक्तिगत संपत्ति बढ़कर 90.8 अरब डॉलर हो गई है। वहीं गौतम अडानी की संपत्ति घटकर 74.3 अरब डॉलर रह गई है।

गौतम अडानी की व्यक्तिगत संपत्ति में गिरावट जरूर आई है, लेकिन वो अभी भी ब्लूमबर्ग बिलियनरीज इंडेक्स में दुनिया के 13वें सबसे रईस व्यक्ति बने हुए हैं।

जहां तक दुनिया के सबसे दौलतमंद लोगों की सूची में अन्य भारतीयों के शामिल होने की बात है, तो मुकेश अंबानी और गौतम अडानी के बाद अजीम प्रेमजी 36.5 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर, शिव नाडार 28.4 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 52वें स्थान पर, राधाकिशन दमानी 24.6 अरब डालर की संपत्ति के साथ 66वें स्थान पर और लक्ष्मी मित्तल 18.4 अरब डालर की संपत्ति के साथ 101 वें स्थान पर हैं।

Share This Article