झारखंड में यहां माइनिंग विवाद में महिला को लगी गोली, घायल

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मेदिनीनगर: माइनिंग विवाद में बुधवार को चली गोली में एक महिला घायल हो गयी। महिला को पैर में गोली लगी है। घटना जिले के सदर थाना क्षेत्र के पिपरडीह में हुई।

घायल महिला को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों ने उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बतायी है। पुलिस ने घटनास्थल से आधा दर्जन बाइक और जेसीबी को जब्त किया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। मामले की छानबीन की जा रही है। बताया जा रहा है कि एक दर्जन से अधिक हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की है।

पिररडीहा के होरिल साव नामक व्यक्ति ने माइनिंग के लिए 17 वर्ष पहले सीताराम तिवारी नामक व्यक्ति को लीज पर जमीन दी थी।

लीज और जमीन को लेकर पिछले एक वर्ष से विवाद चल रहा था। होरिल साव के बेटे संतोष साव ने बताया कि सीताराम तिवारी अवैध रूप से माइनिंग कर रहे हैं। उनका लीज खत्म हो गया है।

माइनिंग रोकने को लेकर उन्हें धमकी दी जा रही थी। बुधवार को अचानक एक दर्जन से अधिक हमलावर उनके घर पहुंचे और परिजनों को धमकी दे रहे थे।

जानकारी मिलने के बाद सभी लोग इकट्ठा हुए और गांव में पहुंचे। इसी क्रम में हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग में उनकी पत्नी अजंती देवी को गोली लग गयी। थाना प्रभारी कमलेश कुमार के अनुसार मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।

Share This Article