झारखंड कांग्रेस के आलोक दुबे ने पार की सारी हदें: गंगोत्री कुजूर

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर ने शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं का अपमान कांग्रेस पार्टी के डीएनए में शामिल है।

कुजूर ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने जिस प्रकार महिला दिवस के दिन महिलाओं से ट्रैक्टर खिंचवाए, वह निंदनीय और अमर्यादित आचरण है।

हद तो तब हो गई जब इस घटना का विरोध जताने के लिये भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रांची प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शन किया तो कांग्रेस के प्रवक्ता आलोक दुबे ने हदें पार कर दी।

यह किसी भी दृष्टि से लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने कहा कि आलोक दुबे ने जिस प्रकार मुंह को दबाकर चुप कराने की कोशिश की, यह न सिर्फ लोकतंत्र की आवाज को दबाना है, बल्कि एक महिला नेता का अपमान भी है।

इससे स्पष्ट हो गया कि केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश मे कांग्रेस महिलाओं को अपमानित करती है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव को अपने प्रवक्ता के ऐसे कृत्य के लिये माफी मांगनी चाहिये।

इसके पूर्व शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में महिला मोर्चा की बैठक हुई, जिसमें मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कांग्रेस के प्रवक्ता आलोक दुबे के व्यवहार की कड़ी निंदा की गई।

यह भी तय हुआ कि कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने इसे संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई नहीं की तो आगे महिला मोर्चा की कार्यकर्ता आंदोलन करने को बाध्य होंगी।

बैठक में प्रदेश मोर्चा की प्रभारी आरती सिंह, महामंत्री डॉ सीमा सिंह, प्रदेश मंत्री रीता शर्मा, कार्यालय मंत्री बबीता वर्मा और उपाध्यक्ष सरिता पांडेय आदि उपस्थित थीं।

Share This Article