झारखंड में यहां दो उग्रवादी गुटों में चली जमकर गोलियां, करीब 48 राउंड हुई फायरिंग

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लातेहार: जिले में दो उग्रवादी गुटों के बीच मंगलवार की सुबह जमकर गोलियां चलीं। पलामू और लातेहार की सीमा पर प्रतिबंधित नक्सली संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद तथा तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी के दस्ते के बीच करीब 48 राउंड फायरिंग हुई है।

इसमें किसी के मारे जाने की सूचना नहीं है। दावा किया जा रहा है कि इलाके में वर्चस्व को लेकर दोनों प्रतिबंधित संगठनों के बीच यह टकराव हुआ है। घटना की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है।

जानकारी के अनुसार जेजेएमपी के दस्ते का नेतृत्व गणेश लोहरा कर रहा था। टीएसपीसी के दस्ते को गोविंद लीड कर रहा था।

यह गोलीबारी पलामू- लातेहार सीमा पर डोंकी व कोल्डिहा के बीच हुई है। घटना पलामू जिले के पाकी थाना व लातेहार जिला के मनिका थाना के सीमावर्ती क्षेत्र की है।

दोनों जिले के नजदीकी थानों से सुरक्षाबलों की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। घटनास्थल लातेहार जिला के अंतर्गत पड़ता है।

पलामू जिले के डीआइजी राजकुमार लकड़ा ने बताया कि ग्रामीणों ने गोली चलने की आवाज सुनी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

मौके पर जानकारी लेने के लिए सुरक्षा बलों को भेजा गया है। टीम के वापस लौटने के बाद ही इस मामले में कोई पुख्ता जानकारी मिल सकेगी।

लातेहार एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि दो उग्रवादी गुटों के बीच मुठभेड़ की सूचना प्राप्त हुई है। इसकी जांच कराई जा रही है।

Share This Article