हॉलीवुड फिल्म देख व्यक्ति ने पत्नी की हत्या की, मथुरा से किया गया गिरफ्तार

दिल्ली के शाहदरा में हॉलीवुड फिल्म से प्रभावित आईटी इंजीनियर ने कथित तौर पर संपत्ति विवाद में पत्नी की हत्या की। आरोपी को तकनीकी निगरानी के आधार पर मथुरा से गिरफ्तार किया गया।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा इलाके में हॉलीवुड फिल्म से प्रभावित होकर 53 वर्षीय आईटी इंजीनियर ने संपत्ति विवाद में अपनी पत्नी की कथित रूप से हत्या कर दी और पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतका के हाथ में कैंची को रख दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शाहदरा ज़िला पुलिस ने तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपी को उत्तर प्रदेश में मथुरा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।

उनके मुताबिक, हत्या की वारदात 30 जुलाई की रात को तब सामने आई जब दंपति का बेटा घर लौटा और उसने अपनी मां कोमल सिंह (50) को गगन विहार स्थित घर में खून से लथपथ हालत में पाया।

पूछताछ के दौरान, आरोपी ने जांचकर्ताओं को बताया कि वह हॉलीवुड फिल्म “द स्टेयरकेस” से प्रभावित था और उसे लगा कि हत्या में इस्तेमाल हथियार को ठिकाने लगाने से वह पुलिस से बच जाएगा।

पूर्वी दिल्ली के संयुक्त पुलिस आयुक्त अजित कुमार सिंगला ने बताया कि आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कैंची को पीड़िता के हाथ में रखा दिया जबकि उसने हत्या तलवार से की थी जो उसकी निशानदेही पर बरामद कर ली गई है।

पुलिस ने कहा कि इस मामले को सुलझाने में सीसीटीवी फुटेज सबसे अहम सुराग साबित हुआ। फुटेज से यह पता चला कि सुबह जब दंपत्ति के दोनों बच्चे घर से चले गए, तो घर के अंदर सिर्फ आरोपी और पीड़िता ही मौजूद थे।

पुलिस को ऐसी फुटेज भी मिली जिसमें पीड़िता की कथित तौर पर चीखें सुनाई दे रही हैं और उसके बाद आरोपी घर से निकलता हुआ दिख रहा है।

अधिकारी ने बताया, “जांच से पता चला कि सिंह ने अपने बैंक खातों से करीब सात लाख रुपये निकाले थे। तकनीकी निगरानी से पता चला कि वह दिल्ली से गोरखपुर की ओर गया है, जहां से वह कथित तौर पर नेपाल भागने की फिराक में था, लेकिन जांचकर्ताओं को गुमराह करने के लिए उसने अचानक अपना रास्ता बदल लिया और मथुरा की ओर चला गया।”

उन्होंने कहा कि उसे मथुरा रेलवे स्टेशन के पास रोका गया जहां पुलिस ने उसके पास से 12.75 लाख रुपये नकद बरामद किए।

अधिकारी ने कहा कि उसने यह भी कबूल किया कि ‘द स्टेयरकेस’ देखने के बाद वह हथियार को ठिकाने लगाने की साजिश रच रहा था क्योंकि उसे लगा कि इससे जांच बाधित हो जाएगी।

सिंगला ने बताया कि आरोपी आईटी इंजीनियर है और पहले एक कंपनी में नौकरी कर चुका है जबकि उसका बेटा एमबीबीएस डॉक्टर और बेटी जर्मन भाषा पढ़ाती है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।