रांची में छह घरों का ताला तोड़कर लाखों की चोरी

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची के सदर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक साथ छह घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। जिन घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया है वह सभी घर बंद थे।

पीएचडी कॉलोनी के ग्रीन पार्क में रहने वाले नितिन सिन्हा, कुंदन कुमार, चन्द्रशेखर, ललन चौधरी, रविंद्र कुमार और एस के ठाकुर के घरों का ताला तोड़कर सभी घरों में रखे कीमती सामान, नकदी और गहने चोर लेकर फरार हो गए हैं।

सभी छह घरों के अलमीरा से लेकर दूसरे लॉकर टूटे पड़े थे। पूरा घर बिखरा पड़ा हुआ है। सभी घरों को देखकर ऐसा लग रहा है जैसे चोरों ने लगभग पांच से छह घंटे तक बड़े आराम के साथ चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।

उसके बाद सभी कीमती सामानों को बड़े आराम से वहां से लेकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने बताया कि जो भी गहने चोरी हुए है उनके पैकेट आस पास के खेतों से मिले हैं।

आसपास के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद सदर थाने की टीम मौके पर पहुंची। अभी तक जिन जिन घरों में चोरियां हुई है उनके मालिक रांची नहीं पहुंच पाए हैं, क्योंकि उनमें से अधिकांश अपने पैतृक घर छठ पूजा में शरीक होने के लिए गए हुए हैं।

सदर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो के अनुसार छह घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। सभी घर आसपास ही हैं। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। घरों में कितने गहने और नकदी की चोरी हुई है। यह मकान मालिक के घर लौटने के बाद ही पता चल पाएगा।

Share This Article