झारखंड : प्रदीप बलमुचू और सुखदेव भगत की होगी जल्द घर वापसी!

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड कांग्रेस के दो पूर्व प्रदेश अध्यक्षों की जल्द ही पार्टी में घर वापसी होगी। इसे लेकर कांग्रेस आलाकमान और प्रदेश कांग्रेस में बातचीत चल रही है।

बताया जाता है कि प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप बलमुचू और सुखदेव भगत की घर वापसी को लेकर बातचीत चल रही है।

संभावना जतायी जा रही है कि एक दो दिन के अंदर कांग्रेस भवन में आयोजित मिलन समारोह में दोनों फिर से पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

बताया जाता है कि प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर इन दिनों नई दिल्ली में हैं। शनिवार को वह नवनियुक्त मनोनीत प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पाण्डेय के साथ रांची लौटेंगे।

इधर बताया जाता है कि कांग्रेस के आलाकमान के बुलावे पर सुखदेव भगत और प्रदीप बलमुचू दिल्ली गये हुए हैं। वह वहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह के पार्टी छोड़ने के बाद माना जा रहा है कि सुखदेव भगत और प्रदीप बलमुचू जल्द ही घर वापसी करेंगे।

बताया जाता है कि शुक्रवार की शाम को सुखदेव भगत और प्रदीप बलमुचू कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी की सहमति के बाद वह पार्टी में शामिल होंगे।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव के ठीक पहले सुखदेव भगत ने भाजपा का दामन थाम लिया था। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।

वहीं दूसरी ओर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार बलमुचू ने कांग्रेस छोड़ आजसू का दामन थामा था। घाटशिला से टिकट नहीं मिलने से वे नाराज चल रहे थे।

विधानसभा चुनाव के समय सुखदेव भगत जहां भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़े थे। वहीं प्रदीप बलमुचु आजसू के टिकट पर मैदान में उतरे थे। लेकिन दोनों की हार हुई थी।

सुखदेव भगत की कांग्रेस में वापसी से झारखंड कांग्रेस के लिए काफी राहत की खबर होगी। क्योंकि पार्टी हित दिल्ली बैठने वाले कई दिग्गज नेता सुखदेव भगत के करीबी माने जाते हैं।

Share This Article