
Vikramshila Setu : विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद यातायात व्यवस्था बहाल करने को लेकर पथ निर्माण विभाग ने उच्चस्तरीय बैठक की। विभागीय सचिव पंकज कुमार पाल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सेतु की मरम्मत, सुरक्षा और जल्द परिचालन शुरू करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन और आईआईटी पटना की तकनीकी टीमों के साथ पुल विशेषज्ञ आलोक भौमिक और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से, वैकल्पिक यातायात व्यवस्था और मरम्मत की समयसीमा को लेकर विस्तृत समीक्षा की।
लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए बैठक में तत्काल राहत के तौर पर बेली ब्रिज और ट्रस ब्रिज निर्माण की योजना पर सहमति बनी। अधिकारियों ने बताया कि BRO की मदद से जल्द ही बेली ब्रिज तैयार किया जाएगा, जिससे आंशिक रूप से यातायात बहाल किया जा सके।
सचिव पंकज कुमार पाल ने कहा कि विक्रमशिला सेतु भागलपुर और आसपास के जिलों के लिए लाइफलाइन है, इसलिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रस ब्रिज निर्माण का कार्य भी समानांतर रूप से चलेगा, जिसे दो महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस पुल पर दो लेन के साथ पैदल यात्रियों के लिए अलग व्यवस्था भी होगी।
इसके साथ ही IIT पटना की टीम पूरे सेतु का सेफ्टी ऑडिट कर रही है, जिसकी रिपोर्ट अगले तीन सप्ताह में आने की उम्मीद है। रिपोर्ट के आधार पर भविष्य में सेतु की मजबूती और स्थायी मरम्मत को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
बैठक के अंत में सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मरम्मत और यातायात बहाली के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों को लगातार मौके पर कैंप करने को कहा गया है।

