राबड़ी देवी को सरकारी बंगला खाली करने का अल्टीमेटम, बोलीं- फोर्स बुलाकर खाली करा ले सरकार

10 सर्कुलर रोड बंगले को लेकर बढ़ा विवाद, नोटिस के बावजूद आवास खाली करने से राबड़ी देवी का इनकार, बिहार की राजनीति में फिर गरमाया मुद्दा।

Neeral Prakash
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पटना : बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। राज्य सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को पटना स्थित उनके सरकारी आवास ’10 सर्कुलर रोड’ को खाली करने का निर्देश दिया है। हालांकि राबड़ी देवी ने साफ तौर पर इस आवास को छोड़ने से इनकार कर दिया है, जिसके बाद मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।

भवन निर्माण विभाग ने शुक्रवार को राबड़ी देवी को नोटिस जारी करते हुए कहा कि 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास अब पशुपालन मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया जा चुका है। ऐसे में उन्हें जल्द से जल्द यह बंगला खाली करना होगा। विभाग की ओर से यह तीसरा नोटिस बताया जा रहा है। इससे पहले करीब एक महीने पूर्व भी उन्हें आवास खाली करने के लिए नोटिस भेजा गया था।

नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए राबड़ी देवी ने दो टूक कहा कि वह किसी भी कीमत पर 10 सर्कुलर रोड वाला आवास खाली नहीं करेंगी। दिल्ली से पटना लौटने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “अगर सरकार बंगला खाली कराना चाहती है तो फोर्स बुलाकर खाली करवा ले।”

भवन निर्माण विभाग के अनुसार, नवंबर 2025 में राबड़ी देवी को विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया था। विभाग का कहना है कि नया आवास मिलने के बावजूद उन्होंने अब तक पुराना सरकारी बंगला खाली नहीं किया है। विभाग ने यह भी दावा किया है कि पिछले छह महीनों के दौरान कई बार उन्हें नए आवास में स्थानांतरित होने का आग्रह किया गया, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनका परिवार वर्ष 2005 से 10 सर्कुलर रोड स्थित इस सरकारी आवास में रह रहा है। इसी कारण यह बंगला लंबे समय से राजनीतिक और सार्वजनिक चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, आवास खाली कराने की प्रक्रिया पिछले कुछ समय से जारी है और घर का सामान धीरे-धीरे अन्य स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। हालांकि आधिकारिक रूप से अभी तक बंगला पूरी तरह खाली नहीं किया गया है।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।